logo

जामताड़ा में पीपल के पेड़ के नीचे बैठकर ठगी कर रहे थे 3 साइबर ठग, पुलिस ने धर दबोचा

jamtara_cyber_thag.jpg

जामताड़ा
जामताड़ा में पुलिस ने तीन शातिर साइबर अपराधियों को धर दबोचा है. तीनों पीपल के पेड़ के नीचे बैठकर लैपटॉप और मोबाइल के जरिए देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों को ठगने का काम कर रहे थे. पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से तीन लोगों को दबोच लिया. पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि ये अपराधी ठगी के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का सहारा लेते थे. ये मुख्य रूप से KUKU FM APP के फर्जी प्रतिनिधि बनकर लोगों को लुभावने ऑफर देते थे और फिशिंग कॉल के जरिए उनका डेटा चुराते थे. इसके अलावा, ये अपराधी PAYTM के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर केवाईसी अपडेट करने या रिवॉर्ड पॉइंट देने के नाम पर लोगों को झांसा देते थे. ठगी की गई राशि को सुरक्षित रखने के लिए ये दूसरे भोले-भाले लोगों के बैंक खातों का उपयोग 'मनी म्यूल' के रूप में करते थे. पकड़े गए आरोपियों में गुलाम अंसारी , सबीर अंसारी और कलाम अंसारी शामिल हैं. ये तीनों आरोपी कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के ही निवासी हैं. पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि सबीर अंसारी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से ही साइबर थाना में मामला दर्ज है.

19,000 रुपये नगद, 08 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड बरामद
दरअसल, पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के सहजपुर गांव यह कार्रवाई की गई. शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान एसपी शम्भू कुमार सिंह ने इस सफल अभियान का खुलासा किया. ​पुलिस ने अपराधियों के पास से 08 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड और 19,000 रुपये नकद बरामद किए हैं. बरामद उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके. पुलिस ने ताजा मामले में कांड संख्या 24/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023), IT एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया है. इस टीम में पुनि वैभव सिंह के साथ हीरालाल महतो, कुन्दन कुमार वर्मा और अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे. 

 

Tags - Cyber Crime In jamtara Jamtara Cyber Crime Cyber Crime in jamtara jamtara Cyber Crime News latest Cyber Crime News